• होम
  • UP News in Hindi: यूपी के हजारों किसानों को मुआवजा मिलने का...

UP News in Hindi: यूपी के हजारों किसानों को मुआवजा मिलने का रास्ता साफ, CM योगी ने दिया आदेश

UP News in Hindi: यूपी के हजारों किसानों को मुआवजा मिलने का रास्ता साफ, CM योगी ने दिया आदेश
यूपी के हजारों किसानों को मुआवजा मिलने का रास्ता साफ, CM योगी ने दिया आदेश

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार राज्य के किसानों के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार की ओर से किसानों के लिए अहम योजनाएं भी चलाई जा रही है। इस बीच प्रदेश के 3 लाख से ज्यादा किसानों के लिए प्रदेश सरकार की ओर से अच्छी खबर आई है। सरकार ने पिछले दो वर्षों में आपदाओं से क्षतिग्रस्त फसलों के नुकसान के मुआवजे से छूटे किसानों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। यूपी सरकार ने किन्हीं तकनीकी कारणों से वित्तीय वर्ष 2021-22 और वर्ष 2022-23 में मुआवजे से छूटे प्रदेश के कुल साढ़े तीन लाख से अधिक किसानों को 1 अरब 76 करोड़ से अधिक धनराशि जल्द से जल्द खाते में ट्रांसफर करने के निर्देश दिए हैं। इससे यूपी के हजारों किसानों को लाभ मिलेगा

3.76 लाख किसान गए थे छूट:

जानकारी के अनुसार मुआवजे से छूटे किसानों को सहायता धनराशि देने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में दोबारा सर्वे कराया गया। सर्वे में पाया गया कि प्रदेश के वित्तीय वर्ष 2021-22 और वर्ष 2022-23 में कुल 3,76,287 किसान आपदाओं से क्षतिग्रस्त फसलों के मुआवजे से छूट गये थे। इसमें वित्तीय वर्ष 2021-22 के 2,27,735 किसान और वर्ष 2022-23 के 1,48,552 किसान शामिल हैं। सभी जिलाधिकारियों से छूटे किसानों को मुआवजा देने के लिए धनराशि की मांग करने के निर्देश दिये गये थे। प्रदेश के सभी 75 जिलों से दोनों वित्तीय वर्ष के लिए कुल 1,76,96,63,245 रुपये की धनराशि की मांग की गई।

60 करोड़ से अधिक की धनराशि का हुआ भुगतान:

राहत आयुक्त जीएस नवीन ने कहा कि आपदाओं से क्षतिग्रस्त फसलों से प्रभावित ज्यादा तादाद में किसानों के डाटा फीडिंग के दौरान आधार, खाता संख्या में गलती और डुप्लीकेसी के कारण मुआवजे का भुगतान नहीं हो पाता है। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर दोबारा सर्वे कराकर मुआवजे से वंचित किसानों को धनराशि हस्तातंरित की जा रही है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में क्षतिग्रस्त फसलों से प्रभावित वंचित किसानों को तत्काल मुआवजा देने के लिए डिमांड के अनुसार धनराशि मुहैया कराई जा रही है। अभी तक पिछले दोनों वित्तीय वर्ष के छूटे किसानों को 60 करोड़ से अधिक की धनराशि का भुगतान किया जा चुका है।

इन जिलों के किसानों को नहीं मिला था मुआवजा:

अपर मुख्य सचिव राजस्व के मुताबिक सर्वेक्षण में पाया गया वित्तीय वर्ष 2021-22 में मुआवजे से सबसे अधिक सीतापुर के 27,836 किसान छूट गये थे, जिन्हें 10,72,51,397 रुपये की धनराशि भुगतान किया जा रहा है। वहीं, दूसरे नंबर पर बरेली के 22,661 किसानों और तीसरे नंबर पर ललितपुर के 19,420 किसानों को मुआवजे का भुगतान किया जा रहा है। इसी प्रकार वित्तीय वर्ष 2022-23 में मुआवजे से सबसे अधिक सिद्धार्थनगर के 21,002 किसान छूट गये थे, जिन्हें 10,07,53,392 रुपये की धनराशि का भुगतान किया जा रहा है। वहीं, दूसरे नंबर पर झांसी के 17,296 किसानों और तीसरे नंबर पर बलरामपुर के 12,933 किसानों को मुआवजे का भुगतान किया जा रहा है। सीएम योगी के निर्देश पर किसानों को मुआवजा धनराशि सर्वे के 24 घंटे में डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए हैं।

khetivyapar.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण जानकारी WhatsApp चैनल से जुड़ें